गोण्डा: अमर बलिदानी गोंडा नरेश महाराजा देवी बक्श सिंह के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति की स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में बुधवार को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गोंडा के परिसर में उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए अमर बलिदानी महाराजा देवी बक्श सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद गोंडा एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने की। प्रतिमा के अनावरण के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पूरा परिसर देशभक्ति, गौरव और राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत नजर आया।
“स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली आजादी” — कीर्तिवर्धन सिंह
अपने संबोधन में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के अथक प्रयास, त्याग और बलिदान की वजह से ही आज हम सभी स्वतंत्र भारत में सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देश केवल जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का नहीं, बल्कि प्रत्येक युवा और देशवासी का है, और हम सभी की जिम्मेदारी है कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान सेनानियों के योगदान को सदैव स्मरण रखें।
उन्होंने कहा कि महाराजा देवी बक्श सिंह के शौर्य, साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण से सभी को, विशेषकर युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित होकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया और कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का जीवन हमें देशहित को सर्वोपरि रखने तथा कर्तव्य व जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में रहे कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री, विधायक मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी, विधायक सदर गोंडा प्रतीक भूषण सिंह, विधायक गौरा प्रभात वर्मा, विधायक करनैलगंज अजय सिंह, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने महाराजा देवी बक्श सिंह के शौर्य, त्याग और राष्ट्रहित में दिए गए बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
समारोह में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य प्रो. डॉ. बीना सिंह के अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही। श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अध्यापकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। युवाओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रतिमा अनावरण के दौरान उपस्थित लोगों ने पुष्पवर्षा कर अमर बलिदानी महाराजा देवी बक्श सिंह के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
‘खेलो इंडिया संवाद’ का संबोधन भी सामूहिक रूप से सुना गया
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के साथ ही स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गोंडा के ऑडिटोरियम हॉल में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री के संबोधन को भी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यालय व महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, अध्यापकगण तथा अन्य उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से सुना।
इस संबोधन के माध्यम से युवाओं को खेलों के महत्व, फिटनेस, अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को लेकर प्रेरणादायी संदेश मिला। उपस्थित छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम को सुना और खेल व फिटनेस को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
प्रतिमा अनावरण और ‘खेलो इंडिया संवाद’ के इस संयुक्त आयोजन से स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में इतिहास, राष्ट्रभक्ति, युवा सहभागिता, खेल भावना और राष्ट्र निर्माण का एक प्रेरणादायी संगम देखने को मिला। कार्यक्रम ने जहां युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के त्याग और बलिदान से परिचित कराया, वहीं उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए भी प्रेरित किया।
गोंडा ब्यूरो – शुचि पाण्डेय
