उत्तर प्रदेश में NEET UG-2026 के तहत MBBS और BDS पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पहले चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया को दोबारा आयोजित किया जाएगा। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय ने पहले चरण की काउंसलिंग का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है।
यह फैसला इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के 16 सितंबर को जारी आदेश के अनुपालन में लिया गया है। पहले चरण की काउंसलिंग में मेडिकल कॉलेज आवंटन प्राप्त कर चुके अभ्यर्थियों के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण है।
21 सितंबर तक कर सकेंगे च्वाइस फिलिंग
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया शुक्रवार शाम 5 बजे से शुरू कर दी गई है। अभ्यर्थी 21 सितंबर की शाम 5 बजे तक अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम का विकल्प भर सकेंगे।
इसके बाद 22 सितंबर को सीट आवंटन का परिणाम जारी किया जाएगा। सीट मिलने वाले अभ्यर्थियों को 23 से 26 सितंबर के बीच प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
सात सितंबर का सीट आवंटन अमान्य
महानिदेशालय की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि 7 सितंबर को किया गया सीट आवंटन अमान्य माना जाएगा।
इसका मतलब है कि पहले चरण में सीट प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को संशोधित काउंसलिंग प्रक्रिया में निर्धारित समय के भीतर दोबारा च्वाइस फिलिंग करनी होगी। नई काउंसलिंग में सीट आवंटन पहले से जारी मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद बदला कार्यक्रम
अधिकारी के मुताबिक, हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में काउंसलिंग कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। विभाग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि काउंसलिंग से जुड़ी नई जानकारी और निर्देशों के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार नजर रखें।
| प्रक्रिया | संशोधित तारीख |
|---|---|
| च्वाइस फिलिंग शुरू | 19 सितंबर, शाम 5 बजे |
| च्वाइस फिलिंग की अंतिम तिथि | 21 सितंबर, शाम 5 बजे |
| सीट आवंटन | 22 सितंबर |
| प्रवेश प्रक्रिया | 23 से 26 सितंबर |
