श्रीराम मंदिर के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र 8 सितंबर से विधिवत कार्यभार संभालेंगे। शुक्रवार को उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टियों के साथ बैठक कर मंदिर की व्यवस्थाओं, संचालन और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में सीईओ को मंदिर की विभिन्न व्यवस्थाओं और उनसे जुड़े दायित्वों की जानकारी दी गई। ट्रस्ट की ओर से उन्हें व्यवस्थाओं को समझने तथा आगे की कार्यप्रणाली तैयार करने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई। सीईओ के पद से जुड़ी नियम-शर्तों, वेतन-भत्ते और अन्य सुविधाओं का प्रावधान भी किया गया है। हालांकि, एसओपी की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
परंपराओं के अनुरूप व्यवस्थाओं पर जोर
ट्रस्ट के नवनियुक्त महासचिव स्वामी गोविंद देव गिरि ने बताया कि सीईओ जितेंद्र मिश्र को सभी ट्रस्टियों से परिचित कराने और मंदिर की व्यवस्थाओं को समझाने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि मंदिर की व्यवस्थाओं को परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप संचालित किया जाएगा।
गोविंद देव गिरि के मुताबिक, जितेंद्र मिश्र को ट्रस्ट की ओर से पूरी प्लानिंग समझाई गई है। रामलला की कृपा से उन्हें सेवा का अवसर मिला है और अब रामभक्तों को भी उसी भावना के साथ सेवा का लाभ मिलना चाहिए। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की जिम्मेदारी अधिकारियों और कानूनी विशेषज्ञों को सौंपी जाएगी।
एसआईटी रिपोर्ट पर भी हुई चर्चा
बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा गठित एसआईटी की रिपोर्ट को लेकर भी चर्चा हुई। ट्रस्ट को एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट 15 दिन पहले ही मिल गई थी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद एसआईटी के सक्रिय होने के बाद रिपोर्ट ट्रस्ट के सामने रखी गई।
दो सितंबर को राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में अयोध्या में चल रही व्यवस्थाओं और रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान यह मुद्दा सामने आया था। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने रिपोर्ट का बंद लिफाफा नहीं खोला था, ताकि आगे की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जा सके।
पूजा की परंपरा में बदलाव, आरती से पहले होगा स्तुति गान
राम मंदिर में पूजा-अर्चना की परंपरा में भी बदलाव की शुरुआत की गई है। अब सुबह छह बजे होने वाली श्रृंगार आरती से पहले रामानंदी परंपरा के आचार्यों द्वारा रचित पदों का गायन किया जा रहा है।
इसके अलावा श्रृंगार आरती के दौरान गर्भगृह के बाहर मौजूद अतिरिक्त पुजारियों को भी आरती की जिम्मेदारी दी गई है। ट्रस्ट की ओर से लागू की गई यह व्यवस्था मंदिर में पूजा-पद्धति को व्यवस्थित करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
राष्ट्रीय महामंत्री ने भी की मुलाकात
राम मंदिर के नवनियुक्त सीईओ एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र से विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने भी मुलाकात की। इस दौरान मंदिर की व्यवस्थाओं और आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा हुई।
