IBPS Clerk भर्ती 2026: बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (IBPS) ने क्लर्क भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे 28 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
IBPS ने देश के विभिन्न सरकारी बैंकों में कस्टमर सर्विस एसोसिएट (CSA) यानी क्लर्क के 11,403 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। पहले आवेदन की अंतिम तारीख 21 अगस्त निर्धारित थी, जिसे अब आगे बढ़ा दिया गया है।
किन पदों पर होगी भर्ती?
यह भर्ती सरकारी बैंकों में जूनियर एसोसिएट/कस्टमर सर्विस एसोसिएट (CSA) के पदों के लिए होगी। भर्ती प्रक्रिया में बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ इंडिया समेत अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक शामिल हैं।
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों की प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा। इसमें सबसे पहले प्रीलिम्स परीक्षा, इसके बाद मेंस परीक्षा और फिर उम्मीदवार द्वारा चुने गए राज्य की स्थानीय भाषा का लोकल लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट (LLPT) शामिल होगा।
कितनी मिलेगी सैलरी?
IBPS Clerk के पद पर चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन के साथ बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का मौका मिलेगा। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, चयनित उम्मीदवारों को करीब 24,050 रुपये से 64,480 रुपये तक की सैलरी दी जाएगी। इसके अलावा बैंक के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिल सकती हैं।
कब-कब होगी परीक्षा?
IBPS Clerk भर्ती की प्रक्रिया अगले कुछ महीनों में पूरी की जाएगी। जारी कार्यक्रम के मुताबिक सितंबर 2026 में प्री-एग्जामिनेशन ट्रेनिंग (PET)होगी, जबकि क्लर्क प्रीलिम्स परीक्षा अक्टूबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है।
प्रीलिम्स का रिजल्ट नवंबर 2026 में जारी किया जा सकता है। इसके बाद दिसंबर 2026 में मेन्स परीक्षा प्रस्तावित है। चयनित उम्मीदवारों के लिए प्रोविजनल अलॉटमेंट मार्च 2027 में किया जाएगा।
बैंकिंग करियर क्यों है युवाओं की पसंद?
सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में नौकरी युवाओं के बीच इसलिए लोकप्रिय है क्योंकि इसमें स्थिर करियर, पदोन्नति और अलग-अलग बैंकिंग क्षेत्रों में काम करने के अवसर मिलते हैं।
बैंकिंग क्षेत्र अब सिर्फ शाखा में ग्राहक सेवा या कैश संभालने तक सीमित नहीं है। क्रेडिट, रिस्क मैनेजमेंट, डिजिटल बैंकिंग, आईटी, डेटा, ट्रेजरी, मार्केटिंग और अन्य विशेषज्ञ भूमिकाएं भी बैंकिंग करियर का हिस्सा बन चुकी हैं।
इसके अलावा, कुछ बैंकों में जूनियर एसोसिएट के पद से आगे ऑफिसर कैडर में पदोन्नति का अवसर भी मिलता है। उदाहरण के तौर पर SBI के करियर संबंधी प्रावधानों के तहत जूनियर एसोसिएट के रूप में निर्धारित सेवा पूरी करने वाले कर्मचारी अधिकारी कैडर में पदोन्नति के लिए पात्र हो सकते हैं।
इन तारीखों का रखें ध्यान
| भर्ती से जुड़ी जानकारी | तारीख |
|---|
| आवेदन शुरू | 1 अगस्त 2026 |
| आवेदन की अंतिम तारीख | 28 अगस्त 2026 |
| आवेदन शुल्क भुगतान | 1 से 28 अगस्त 2026 |
| प्री-एग्जामिनेशन ट्रेनिंग | सितंबर 2026 |
| IBPS Clerk Prelims | अक्टूबर 2026 |
| प्रीलिम्स रिजल्ट | नवंबर 2026 |
| IBPS Clerk Mains | दिसंबर 2026 |
| प्रोविजनल अलॉटमेंट | मार्च 2027 |
उम्मीदवारों के लिए जरूरी सलाह
जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करना चाहिए। आवेदन करते समय व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और अन्य विवरण सावधानी से भरें। आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म का प्रिंट या डिजिटल कॉपी सुरक्षित रखना भी जरूरी है।
11,403 पदों वाली इस भर्ती में आवेदन का मौका अब 28 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। ऐसे में बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है।
