गोंडा: पिया थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और एक कथित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। थाना छपिया पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने तिलकराम उर्फ झिन्कू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस के अलावा चोरी के आभूषण, नकदी और बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
चेकिंग के दौरान भागने लगा संदिग्ध
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को छपिया पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम इलाके में संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिरहीपुर बाग के पास मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगा।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया।
इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए सीएचसी छपिया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
चोरी और लूट के कई मामलों में नाम आने का दावा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तिलकराम उर्फ झिन्कू पुत्र परशुराम, निवासी भेलखा, थाना छपिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ गोंडा और बस्ती जिलों के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस मई और जून 2026 में छपिया क्षेत्र में हुई चोरी और लूट की घटनाओं की जांच कर रही थी। पूछताछ में आरोपी के थाना छपिया के अलावा खोड़ारे और कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई चोरी और लूट की घटनाओं में भी शामिल होने की जानकारी सामने आने का पुलिस ने दावा किया है।
आभूषण, नकदी और हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से पीली धातु की अंगूठी और लॉकेट, सफेद धातु की करधनी, पांच जोड़ी पायल और एक जोड़ी बिछिया बरामद हुई है।
इसके अलावा 12 बोर का तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, 17,100 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
आगे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना छपिया में बीएनएस की धारा 109(1) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से अन्य आपराधिक घटनाओं के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक छपिया उमेश कुमार, एसओजी प्रभारी आशुतोष सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी मनीष कुमार समेत छपिया थाना, एसओजी और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
गोंडा ब्यूरो – शुचि पाण्डेय
