राजधानी लखनऊ, गोरखपुर, अयोध्या और आसपास के जिलों में एटीएम से छेड़छाड़ कर रुपये निकालने वाला एक शातिर कैश ट्रैप गिरोह सक्रिय हो गया है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बाद बैंक प्रशासन भी सतर्क हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर इंदिरा नगर स्थित एक बैंक ने अपने एटीएम बूथ के मुख्य द्वार पर चेतावनी नोटिस लगाने के साथ संदिग्धों की तस्वीरें भी चस्पा की हैं।
एटीएम के कैश डिस्पेंसर में लगाते हैं क्लिप
जानकारी के अनुसार, गिरोह के सदस्य ग्राहक के एटीएम पहुंचने से पहले कैश डिस्पेंसर यानी जहां से नोट बाहर निकलते हैं, वहां फेविक्विक, डबल साइडेड टेप या मेटल की नकली पट्टी (ट्रे) चिपका देते हैं।
जब ग्राहक एटीएम से रुपये निकालने की कोशिश करता है तो ट्रांजेक्शन की प्रक्रिया पूरी होने और खाते से पैसे कटने के बावजूद नकदी बाहर नहीं निकलती। ग्राहक को लगता है कि एटीएम में तकनीकी खराबी आ गई है।
इसके बाद ग्राहक के वहां से हटते ही गिरोह का सदस्य एटीएम के पास पहुंचता है और लगाई गई नकली पट्टी या क्लिप को हटाकर फंसी हुई नकदी निकाल लेता है।
कई जिलों में सक्रिय होने की जानकारी
अधिकारियों के मुताबिक, हाल के दिनों में ताबड़तोड़ कई एटीएम में चोरी के प्रयास किए गए हैं। बैंक अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह केवल लखनऊ तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के कई जिलों में भी सक्रिय हो सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक ऐसे गिरोहों को कैश ट्रैपिंग के नाम से जाना जाता है। देश के विभिन्न राज्यों में भी पहले इस तरह के गिरोह एटीएम से बड़ी रकम उड़ा चुके हैं।
बैंक ने जारी किया अलर्ट
बैंक के आईटी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में लखनऊ और आसपास के जिलों के कई एटीएम को निशाना बनाने की कोशिश की गई है।
इंदिरा नगर में लगाए गए नोटिस में ग्राहकों को विशेष रूप से चेताया गया है कि यदि एटीएम के कैश डिस्पेंसर पर कोई अतिरिक्त ट्रे या संदिग्ध पट्टीलगी दिखाई दे तो उस एटीएम से ट्रांजेक्शन न करें।
ग्राहकों से ऐसी स्थिति में तत्काल बैंक को सूचना देने की अपील की गई है।
एटीएम के बाहर शीशे पर भी लगाया अलर्ट नोटिस
बैंक ने एटीएम बूथ के बाहर लगे शीशे पर भी सावधानी संबंधी नोटिस चस्पा किया है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की पहचान में मदद के लिए CCTV फुटेज की प्रिंट कॉपी लगाकर लोगों को सतर्क किया गया है।
बैंक की ओर से ग्राहकों को एटीएम इस्तेमाल करते समय आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
एटीएम से रुपये निकालते समय इन बातों का रखें ध्यान
कैश ट्रैप से बचने के लिए ग्राहकों को कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए:
- कार्ड स्वैप करने या पिन डालने से पहले कैश निकलने वाली जगह को अच्छी तरह जांच लें।
- देखें कि कैश डिस्पेंसर पर कोई अतिरिक्त ट्रे, क्लिप, पट्टी या संदिग्ध उपकरण तो नहीं लगा है।
- पैसे निकालने के बाद भी नकदी बाहर नहीं आती है, तो दोबारा ट्रांजेक्शन करने के बजाय तुरंत बैंक को सूचना दें।
- ऐसी स्थिति में एटीएम से दूर जाने से पहले बैंक की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें।
- एटीएम बूथ में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर इसकी जानकारी बैंक और पुलिस को दें।
- अपने एटीएम कार्ड का PIN किसी व्यक्ति के साथ साझा न करें।
खराबी बताकर ग्राहक के हटने का इंतजार
इस तरह के कैश ट्रैप में ग्राहक को सबसे पहले यह विश्वास दिलाया जाता है कि एटीएम में तकनीकी खराबी है। नकली ट्रे के कारण नोट बाहर नहीं निकलते और ग्राहक वहां से चला जाता है।
इसके बाद गिरोह का सदस्य तुरंत बूथ में पहुंचकर नकली ट्रे या क्लिप हटाता है और उसमें फंसी नकदी निकालकर फरार हो जाता है।
इसलिए एटीएम से पैसे नहीं निकलने की स्थिति में ग्राहक का तुरंत वहां से हट जाना जोखिम भरा हो सकता है।
बैंक और पुलिस की सतर्कता जरूरी
एटीएम में कैश ट्रैप जैसी घटनाओं को रोकने के लिए बैंक और पुलिस दोनों स्तरों पर सतर्कता जरूरी है। नियमित रूप से एटीएम मशीनों की जांच, CCTV की निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई से ऐसे मामलों पर अंकुश लगाया जा सकता है।
ग्राहकों के स्तर पर भी थोड़ी सी सावधानी उन्हें आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।
