उत्तर प्रदेश में राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित 61 शिक्षकों को शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। पुरस्कार पाने वाले प्रत्येक शिक्षक को दो वर्ष का सेवा विस्तार देने के साथ 25-25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को पुरस्कार विजेता शिक्षकों की सूची जारी की गई। प्रदेश के 75 जिलों में से इस बार 61 जिलों के एक-एक शिक्षक का चयन राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है। वहीं, 14 जिलों से किसी शिक्षक का चयन पुरस्कार के लिए नहीं हो सका।
पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों ने अपने विद्यालयों को आदर्श बनाने, विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने और शिक्षण व्यवस्था में नवाचार करने के लिए किए गए प्रयासों के आधार पर अपनी पहचान बनाई है।
31 महिला और 30 पुरुष शिक्षक चयनित
राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित 61 शिक्षकों में 31 महिलाएं और 30 पुरुष शिक्षक शामिल हैं। चयन प्रक्रिया के तहत शिक्षकों ने साक्षात्कार और प्रस्तुतीकरण दिया, जिसके बाद पुरस्कार विजेताओं का चयन किया गया।
चयनित शिक्षकों में कानपुर नगर के औरंगाहारपुर कंपोजिट विद्यालय की डॉ. कामायनी शर्मा, लखनऊ प्राथमिक विद्यालय अमेठी (उर्दू) की विनिता, सुल्तानपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय साढ़ापुर के सत्येंद्र कुमार सिंह, उन्नाव प्राथमिक विद्यालय नेवलगंज की प्रीति भारती, अयोध्या प्राथमिक विद्यालय ठेंगहा के पंकज कुमार द्विवेदी सहित अन्य शिक्षक शामिल हैं।
इसके अलावा लखीमपुर खीरी के प्राथमिक विद्यालय विद्यालय रतसिया के प्रमोद कुमार, हरदोई के प्राथमिक विद्यालय पचदेवरा की पूनम मिश्रा, सीतापुर प्राथमिक विद्यालय अडवेनिया ग्रांट के अतुल शर्मा, बाराबंकी के प्राथमिक विद्यालय सराय के विजया अवस्थी, संभल के प्राथमिक विद्यालय रहटुईया के संजय यादव समेत कई शिक्षकों को भी राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चुना गया है।
शिक्षक दिवस पर होने वाला यह सम्मान समारोह प्रदेश के उन शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करेगा, जिन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और अपने विद्यालयों को बेहतर बनाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है।
