लामार्टिनियर कॉलेज में एक सहायक शिक्षक पर छात्र से कथित तौर पर अश्लील चैट करने का मामला सामने आया है। छात्र के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्र के पिता को बेटे के मोबाइल में कुछ आपत्तिजनक चैट मिली थीं। जांच में सामने आया कि शिक्षक छात्र से कई दिनों से ऐसी बातचीत कर रहा था। इसके बाद पिता ने कॉलेज के प्रिंसिपल को मामले की जानकारी दी और चैट के स्क्रीनशॉट उपलब्ध कराए।
प्रिंसिपल ने पुलिस को दी शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज के प्रिंसिपल ने शिक्षक और छात्र के पिता से उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को शिकायत दी। शिक्षक के पिता और प्रिंसिपल के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने शिक्षक के मोबाइल की स्क्रीनशॉट मुहैया कराकर जांच शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, स्क्रीनशॉट में शिक्षक द्वारा छात्र से कथित अश्लील बातचीत के साथ अश्लील फिल्मों का जिक्र किए जाने की बात भी सामने आई है। मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों और बयानों की भी जांच की जा रही है।
कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठ चुके हैं सवाल
लामार्टिनियर कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। अप्रैल 2015 में परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरने के कारण कक्षा छह के छात्र राहुल श्रीधर की मौत हो गई थी। छात्र के पिता ने मामले में हत्या का आरोप लगाया था और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
बाद में नवंबर 2022 में कक्षा 12 के छात्र यश सक्सेना की मौत के बाद भी कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे। यश की मौत को लेकर पुलिस जांच और कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर भी चर्चा हुई थी।
एक अन्य मामले में विष्णुनाथ श्रीधर ने अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद क्लोजर रिपोर्ट लगाई थी, जिसके बाद शिकायत पर तत्कालीन मुख्यमंत्री ने जांच के निर्देश दिए थे। यूपी के डीजीपी के आदेश पर ओपी सिंह ने भी जांच की थी।
बेटे की ड्रेस में खून के धब्बे मिलने का दावा
राहुल के पिता विष्णुनाथ श्रीधर ने बेटे की मौत के संबंध में साक्ष्य मिटाने का आरोप भी लगाया था। उनका दावा था कि बेटे की ड्रेस पर खून के धब्बे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि जिस चादर में बेटे को लपेटकर सिविल अस्पताल ले जाया गया था, उसे कुएं में फेंककर जला दिया गया।
