अलीगंज के सेक्टर-ओ में खाली पड़ी प्राधिकरण की जमीन का इस्तेमाल अब खेल और मनोरंजन के लिए किया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण 8.40 एकड़ क्षेत्रफल में अत्याधुनिक स्पोर्ट्स एरिना विकसित करेगा। इसके साथ ही परिसर में तीन पार्क और बच्चों के लिए किड्स पार्क भी विकसित किए जाएंगे।
परियोजना के निर्माण पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। एडीए उपाध्यक्ष ने परियोजना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और जल्द ही इसका टेंडर जारी किया जाएगा।
तीन स्थानों पर विकसित होंगे किड्स प्ले एरिया और पार्क
स्पोर्ट्स एरिना के अलावा अलीगंज में तीन अलग-अलग स्थानों पर बच्चों के लिए प्ले एरिया और पार्क विकसित किए जाएंगे। इनके लिए 2.381 एकड़, 1.381 एकड़ और 2.55 एकड़ क्षेत्रफल की जमीन प्रस्तावित है। इन परिसरों में बच्चों के खेल और मनोरंजन के साथ परिवारों के बैठने व घूमने की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
यहां फूड कोर्ट, पार्किंग, टॉयलेट, स्नैक्स काउंटर और गार्ड रूम के साथ किड्स राइडिंग, किड्स ट्रेनिंग तथा माउंट-अप एंड डाउन जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
छह करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
एलडीए उपाध्यक्ष के अनुसार, स्पोर्ट्स एरिना और किड्स प्ले पार्क के निर्माण एवं विकास के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। पूरी परियोजना पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अलीगंज स्टेडियम के पास सेक्टर-ओ में लंबे समय से खाली पड़ी जमीन का उपयोग इस परियोजना के लिए किया जाएगा।
स्पोर्ट्स एरिना में युवाओं और बच्चों के लिए विभिन्न खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें फुटबॉल, तीरंदाजी, मिनी गोल्फ, बैडमिंटन, टेनिस, पिकलबॉल और क्रिकेट पिच शामिल हैं। इसके अलावा फूड कोर्ट और पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
पीपीपी मॉडल पर होगा संचालन
निर्माण पूरा होने के बाद स्पोर्ट्स एरिना का संचालन पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर किया जाएगा। इससे परिसर के रखरखाव और खेल सुविधाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की योजना है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसे जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
