UPMSCL: प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को आपूर्ति की जाने वाली विटामिन डी-3 की दवा के दो बैच की जांच में गड़बड़ी पाए जाने के बाद संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। यूपी मेडिकल सप्लाइज कॉरपोरेशन ने कंपनी को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
खास बात यह है कि इसी कंपनी के खिलाफ पहले भी इसी दवा के दो से अधिक बैच के मानक गुणवत्ता पर खरे नहीं उतरने के मामले में कार्रवाई हो चुकी है।
दो बैच जांच में फेल
मेडिकल सप्लाइज कॉरपोरेशन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कंपनी के उत्पाद के दो बैच जांच में गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद कॉरपोरेशन ने संबंधित कंपनी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने पहले भी सरकारी अस्पतालों में आपूर्ति के लिए इसी दवा के बैच उपलब्ध कराए थे, जिनमें से दो से अधिक बैच गुणवत्ता परीक्षण में असफल पाए गए थे।
पहले भी हुई थी कार्रवाई
कॉरपोरेशन के अनुसार, संबंधित कंपनी को सितंबर 2025 में इसी दवा के दो से अधिक एनएसक्यू (Not of Standard Quality) बैच की आपूर्ति करने के मामले में तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट किया गया था।
इसके अलावा कंपनी ने कैल्शियम कार्बोनेट विद विटामिन डी-3 टैबलेट की सरकारी आपूर्ति के लिए टेंडर भी हासिल किया था। गुणवत्ता संबंधी शिकायतों और जांच में सामने आई गड़बड़ियों के बाद अब कंपनी के खिलाफ दोबारा सख्त कार्रवाई की गई है।
