ITBP: उत्तर प्रदेश के कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) के हथियारबंद कमांडोज ने अचानक पूरे कमिश्नरेट दफ्तर को चारों तरफ से घेर लिया। यह अप्रत्याशित कदम ITBP के एक जवान की मां के साथ हुई दरिंदगी और उस पर स्थानीय पुलिस की कथित निष्क्रियता के विरोध में उठाया गया है। अचानक भारी संख्या में अर्धसैनिक बल के जवानों को देखकर कानपुर पुलिस महकमे के हाथ-पांव फूल गए।
कमांडेंट की अगुवाई में पहुंचे हथियारबंद जवान
मिली जानकारी के मुताबिक, ITBP के कमांडेंट के नेतृत्व में जवानों की भारी टुकड़ी अत्याधुनिक हथियारों के साथ सीधे कमिश्नर ऑफ पुलिस (CP) के दफ्तर पहुंची। जवानों ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर वहीं डेरा डाल दिया। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) की टीम और वरिष्ठ डॉक्टरों को भी कमिश्नरेट ऑफिस बुलाया गया है।
क्या है पूरा विवाद? आरोप है कि कुछ समय पहले ITBP के एक जवान की मां पर जानलेवा हमला कर उनका हाथ काट दिया गया था। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद भी स्थानीय पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पुलिस के इसी ढुलमुल रवैये और इंसाफ में हो रही देरी से नाराज होकर ITBP के जवानों को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
मौके पर तनाव, अधिकारी मनाने में जुटे
सेना और पुलिस के बीच उपजे इस अभूतपूर्व गतिरोध को थामने के लिए कानपुर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। ITBP के अधिकारियों और जवानों को समझा-बुझाकर शांत करने और मामले में तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया जा रहा है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक कमिश्नरेट ऑफिस के बाहर भारी तनाव का माहौल बना हुआ है और जवान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
