उत्तर प्रदेश में नीट-यूजी 2026 के तहत एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय ने संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए पहले चरण की काउंसलिंग को दोबारा कराने का निर्णय लिया है।
पहले चरण की काउंसलिंग में मेडिकल कॉलेज का आवंटन पाने वाले अभ्यर्थियों को इस बदलाव के बाद दोबारा प्रक्रिया में शामिल होना होगा। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के 16 सितंबर को जारी आदेश के अनुपालन में यह संशोधित समय-सारणी जारी की गई है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया शुक्रवार शाम पांच बजे से शुरू होकर 21 सितंबर की शाम पांच बजे तकचलेगी। इसके बाद 22 सितंबर को सीट आवंटन किया जाएगा। सीट आवंटित होने वाले अभ्यर्थी 23 से 26 सितंबर के बीच आवंटन पत्र डाउनलोड कर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
महानिदेशालय ने स्पष्ट किया है कि सात सितंबर को किए गए सीट आवंटन को अमान्य माना जाएगा। जिन अभ्यर्थियों को पहले चरण की काउंसलिंग में सीट आवंटित हुई थी, उन्हें संशोधित प्रक्रिया के तहत निर्धारित अवधि में दोबारा च्वाइस फिलिंग करनी होगी। नई काउंसलिंग में च्वाइस फिलिंग पहले से जारी मेरिट सूची के आधार पर होगी।
यह संशोधित कार्यक्रम प्रदेश के सरकारी और निजी चिकित्सा एवं दंत चिकित्सा महाविद्यालयों तथा चिकित्सा विश्वविद्यालयों में एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों की स्टेट कोटा सीटों पर प्रवेश के लिए लागू होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे काउंसलिंग से संबंधित नवीनतम सूचनाओं के लिए विभागीय वेबसाइट पर लगातार नजर रखें।
