बाराबंकी। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच बाराबंकी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर वाहन चोरी में शामिल होने का आरोप है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चोरी की सात घटनाओं के खुलासे का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर चार ई-रिक्शा, पांच मोटरसाइकिल और 21 ई-रिक्शा की बैटरियां बरामद की गई हैं। उसके पास से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी मिला है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्लामुद्दीन उर्फ बाबू पुत्र मेराजुद्दीन, निवासी शाह कटरा, थाना जैदपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर रसौली अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।
पहले रेकी, फिर बनाता था चोरी का निशाना
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह चोरी से पहले गांवों और कस्बों में रेकी करता था। भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़े वाहनों को देखकर वह उन्हें निशाना बनाता था।
ई-रिक्शा चोरी करने के लिए आरोपी अलग तरीका अपनाता था। पुलिस के अनुसार, वह पहले ई-रिक्शा बुक करता और चालक को किसी ऐसे बंद मकान के बाहर ले जाता, जहां कोई मौजूद न हो। इसके बाद घर पर ताला लगा होने की बात कहकर चालक को बाहर इंतजार करने के लिए कहता था। इसी दौरान मौका मिलते ही वह ई-रिक्शा लेकर फरार हो जाता था।
इन थाना क्षेत्रों की घटनाओं का खुलासा
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से सफदरगंज, देवा, जैदपुर, कोतवाली नगर और मसौली थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
बरामद ई-रिक्शों में सफदरगंज और देवा क्षेत्र से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें और मसौली क्षेत्र के सहादतगंज से चोरी हुई ई-रिक्शा की 21 बैटरियां भी बरामद की गई हैं।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, इस्लामुद्दीन उर्फ बाबू के खिलाफ पहले से चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। बरामदगी के संबंध में थाना सफदरगंज में बीएनएस की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपी से चोरी की अन्य घटनाओं और उसके नेटवर्क के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक अजय सिंह और थाना सफदरगंज प्रभारी अमर कुमार चौरसिया के नेतृत्व में स्वाट, सर्विलांस और सफदरगंज पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी से वाहन चोरी से जुड़े कई मामलों को सुलझाने में मदद मिली है।
ब्यूरो बाराबंकी – विनय श्रीवास्तव
