राजधानी लखनऊ के रियल एस्टेट सेक्टर को बढ़ावा देने की दिशा में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने बड़ा कदम उठाया है। एलडीए बोर्ड की बैठक में छह नई टाउनशिप परियोजनाओं के डीपीआर को मंजूरी दे दी गई। इन टाउनशिप के विकसित होने से करीब 50 हजार लोगों को नए प्लॉट, मकान और फ्लैट उपलब्ध हो सकेंगे। अनुमान है कि इन परियोजनाओं में करीब 2.50 लाख लोग निवास कर सकेंगे।
20 फीसदी आवास आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए
एलडीए ने सभी टाउनशिप में 20 प्रतिशत आवास आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के लिए अनिवार्य किए हैं। इससे हजारों गरीब और मध्यम आय वर्गीय परिवारों को किफायती आवास उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। प्राधिकरण का मानना है कि इन परियोजनाओं से नियोजित शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा और अवैध कॉलोनियों के विस्तार पर भी अंकुश लगेगा।
छह टाउनशिप में हजारों एकड़ भूमि पर होगा विकास
एलडीए की मंजूरी के बाद प्रस्तावित टाउनशिप में बड़े पैमाने पर आवासीय और अन्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा। प्रमुख परियोजनाओं में केएसएमबी टाउनशिप 81.87 एकड़, मानस इंडिया 48.53 एकड़, शिखा एस्टेट 235 एकड़, शालीमार कॉर्प 52.686 एकड़, नागिया इनक्लेव 50 एकड़ और बाबा इंफ्रा डेवलपर्स 51.94 एकड़ शामिल हैं।
इन परियोजनाओं में सड़क, आवासीय क्षेत्र और अन्य जरूरी सुविधाओं के विकास की योजना है।
शिखा एस्टेट सबसे बड़ी परियोजना
सुल्तानपुर रोड और बक्शी का तालाब क्षेत्र में शिखा एस्टेट की 235 एकड़ की टाउनशिप प्रस्तावित है। यह परियोजना सुल्तानपुर रोड स्थित मस्तेमऊ-बक्शी का तालाब क्षेत्र में विकसित की जाएगी।
इसके अलावा शालीमार कॉर्प की 52.69 एकड़ और नागिया इनक्लेव की 50 एकड़ की टाउनशिप को भी मंजूरी दी गई है।
ओमेक्स और विराज की संशोधित डीपीआर भी मंजूर
एलडीए बोर्ड ने विराज कंस्ट्रक्शन की संशोधित डीपीआर को भी मंजूरी दे दी। पहले यह परियोजना 322.60 एकड़ में प्रस्तावित थी, जिसे संशोधित कर 303.05 एकड़ कर दिया गया है।
कुकरैल और बीबीडी क्षेत्र में भी विकास को मंजूरी
बोर्ड ने केएसएमबी ग्रुप की 81.87 एकड़ की इंटीग्रेटेड टाउनशिप को भी मंजूरी दी है। यह परियोजना वेली शियालर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और कुकरैल क्षेत्र में प्रस्तावित है।
वहीं बाबा इंफ्रा डेवलपर्स की ग्राम माती, रायबरेली रोड स्थित 51.94 एकड़ की टाउनशिप को भी हरी झंडी मिल गई है। इसके अलावा कमलापुर, फिरोज, बक्शी का तालाब और बीबीडी क्षेत्र में प्रस्तावित परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।
इन परियोजनाओं के तहत करीब 9,660 प्लॉट और मकान विकसित किए जाने की योजना है, जबकि करीब 2,540 आवास ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के लिए आरक्षित रहेंगे। वहीं मानस इंडिया की 48.53 एकड़ की टाउनशिप को कुकरैल पिकनिक स्पॉट रोड पर विकसित करने की स्वीकृति दी गई है।