लखनऊ विकास प्राधिकरण ने एक बार फिर अनंत नगर योजना के 460 भूखण्डों का पंजीकरण खोल दिया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस संबंध में शुक्रवार को ही आदेश जारी कर दिए थे, जिसके तहत आज यानी 09 अगस्त से 09 सितम्बर 2026 तक भूखण्डों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया चलेगी। आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी और भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। यह भूखंड 44,731 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
मोहान रोड पर बस रही डेढ़ लाख लोगों की बस्ती
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक मोहान रोड पर 785 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अनंत नगर योजना में करीब डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। योजना को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ग्रिड पैटर्न पर विकसित किया जा रहा है, जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ-साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछाई जा रही हैं।
योजना के एक बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी, तो वहीं करीब 130 एकड़ भूमि पार्कों और हरियाली के लिए आरक्षित रखी गई है। प्राधिकरण का मकसद इस योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाना है।
कैसे कराएं पंजीकरण
आवेदन के लिए इच्छुक लोगों को एलडीए की वेबसाइट registration.ldalucknow.in पर लॉगिन करना होगा और वहां से पंजीकरण पुस्तिका खरीदनी होगी। इसके बाद भूखण्ड के अनुमानित मूल्य की 5 प्रतिशत राशि पंजीकरण शुल्क के तौर पर जमा कराकर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। प्राधिकरण का कहना है कि पंजीकरण कराने वाले सभी आवेदकों के बीच भूखण्डों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
भूखण्डों का क्षेत्रफल 112.5 वर्गमीटर से लेकर 200 वर्गमीटर तक रखा गया है।
तीन श्रेणियों में बंटे हैं 460 प्लॉट
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि इस बार कुल 460 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है, जिन्हें तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 23 भूखण्ड, 162 वर्गमीटर के 12 भूखण्ड और 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 425 भूखण्ड शामिल हैं।
आशीष खण्ड में मिलेंगे 460 प्लॉट, अब तक 35 हजार से ज्यादा कर चुके हैं भागीदारी
अनंत नगर योजना में अब तक चार चरणों में करीब 1700 भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के जरिए किया जा चुका है, जिसमें 35 हजार से अधिक लोग पंजीकरण धनराशि जमा कराकर हिस्सा ले चुके हैं। अब पांचवें चरण में आशीष खण्ड के 460 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आज से पोर्टल लाइव हो जाएगा और लोग 09 सितम्बर 2026 तक भूखण्डों के लिए पंजीकरण करा सकेंगे। जो लोग लखनऊ में किफायती दर पर अपना घर बनाने का सपना देख रहे हैं, उनके लिए यह एक बड़ा मौका साबित हो सकता है।
